महाराष्ट्र में सियासी घमासान लगातार जारी है। इस बीच शरद पवार ने सांसद प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे को पार्टी से बाहर कर दिया है। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने दोनों के खिलाफ एक्शन लेने के लिए शरद पवार को चिट्ठी लिखी थी। इस ऐलान के तुरंत बाद अजित पवार ने भी NCP की नई टीम बना दी। उन्होंने सांसद सुनील तटकरे को महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। अनिल पाटिल को व्हिप की जिम्मेदारी दी है।
इससे पहले शरद पवार की अगुआई वाली NCP ने अजित पवार के साथ गए सभी विधायकों को अयोग्य घोषित करने का प्रस्ताव पास किया। अजित पवार के शपथ समारोह में भाग लेने गए तीन नेताओं को भी पार्टी से निकाल दिया गया। इनमें पार्टी के क्षेत्रीय महासचिव शिवाजी राव गर्जे, अकोला शहर जिलाध्यक्ष विजय देशमुख और मुंबई डिवीजन के कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र राणे शामिल हैं।
वहीं NCP नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष होने के नाते मैंने महाराष्ट्र (प्रदेश अध्यक्ष) कि जिम्मेदारी सुनील तटकरे को देने का फैसला किया है। अनिल भाईदास पाटिल को हमने फिर से महाराष्ट्र विधानसभा में NCP का मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि हमारी शरद पवार से हाथ जोड़कर विनती है कि पार्टी के बहुसंख्यक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा का वे आदर करें। उनका आशीर्वाद हम पर और पार्टी पर हमेशा बना रहे।