प्रधानमंत्री शाम को इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे

राष्‍ट्र, आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है

नई दिल्ली :- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में राष्‍ट्र आज नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस को उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। कोविंद ने इस अवसर पर कहा कि आज़ाद हिन्‍द के प्रति अपने दृढ़ निश्‍चय को कार्यरूप देने के लिए उठाए गए कदमों के कारण नेताजी राष्‍ट्रीय नायक बन गए हैं। उन्‍होंने कहा कि नेताजी के आदर्श और त्‍याग प्रत्‍येक भारतीय को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

मोदी ने आज पराक्रम दिवस पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि राष्‍ट्र के प्रति नेताजी के स्‍मरणीय योगदान पर प्रत्‍येक भारतीय को गर्व है। प्रधानमंत्री ने इस महीने की 21 तारीख को घोषणा की थी कि इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस की प्रतिमा स्‍थापित की जाएगी।

उन्‍होंने कहा था कि नेताजी की विशाल प्रतिमा का निर्माण कार्य पूरा होने तक निर्धारित स्‍थान पर होलोग्राम को प्रदर्शित किया जाएगा। मोदी आज शाम इस होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण कर रहे हैं।

नेताजी की जयंती पर कई अन्‍य नेताओं ने भी देशवासियों को बधाई दी है। इनमें गृहमंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बैनर्जी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला और राज्‍य सभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस के चित्र पर पुष्‍पांजलि अर्पित की।