प्रधानमंत्री बुधवार को स्‍वामी विवेकानंद जयंती पर 25वें राष्‍ट्रीय युवा महोत्‍सव का उद्घाटन करेंगे

नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी बुधवार को स्‍वामी विवेकानंद जयंती पर 25वें राष्‍ट्रीय युवा महोत्‍सव का उद्घाटन करेंगे। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोगों से इस आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराने का आग्रह किया है। वेबसाइट pmevents.ncog.gov.in पर पंजीकरण कराया जा सकता है। अब तक 20 हजार से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि देशभर के युवा इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन के लिए नवाचारी विचार और सुझाव दे सकते हैं। उनके संबोधन में इनमें से कुछ सुझाव शामिल किये जा सकते हैं।

राष्‍ट्रीय युवा महोत्‍सव का उद्देश्‍य युवा नागरिकों को राष्‍ट्र के विकास के लिए संगठित, सक्रिय और प्रेरित करना है ताकि देश की आबादी की वास्‍तविक क्षमता उजागर हो सके।

13 जनवरी को राष्‍ट्रीय युवा सम्‍मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसका लक्ष्‍य देश की विविध संस्‍कृतियों को एक भारत श्रेष्‍ठ भारत के सूत्र में पिरोकर संगठित करना है।