प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से भेंट की, वह कल नामांकन भरेंगी
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से भेंट की।
मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का देशभर में सभी वर्गों ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि समाज के निचले स्तर की समस्याओं की उनकी समझ और भारत के विकास का उनका विजन अत्यंत व्यापक है। बाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी द्रौपदी मुर्मू से भेंट की।
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली पहुंची। वे कल अपना नामांकन दाखिल करेंगी। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी।
यूपीए और अन्य विपक्षी दलों ने तृणमूल कांगेस के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा को 21 जून को सर्वसम्मति से राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार के रूप में चुना था, उसी दिन एनडीए ने भी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के अपने उम्मीदवार के रूप में चुना।
