जम्मू-कश्मीर के पीपुल्स एंटी-फासिस्ट-फ्रंट- पी.ए.एफ.एफ. और उसके सभी प्रमुख संगठनों आतंकवादी संगठन घोषित
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने गैर-कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर के पीपुल्स एंटी-फासिस्ट-फ्रंट- पी.ए.एफ.एफ. और उसके सभी प्रमुख संगठनों को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है।
पीपुल्स एंटी-फासिस्ट-फ्रंट 2019 में प्रतिबंधित आतंकी गुट जैश-ए-मोहम्मद के छद्म संगठन के रूप में सामने आया था। गृह मंत्रालय ने कहा है कि यह फ्रंट भारतीय सुरक्षा बलों, राजनेताओं, और जम्मू-कश्मीर में काम कर रहे अन्य राज्य के नागरिकों को लगातार धमकियां देता रहा है।
गृह मंत्रालय ने कहा कि पी.ए.एफ.एफ. अन्य संगठनों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर और भारत के अन्य प्रमुख शहरों में आतंकी हमले करने और सोशल मीडिया के ज़रिए साजिश रचने में शामिल है।
इससे पहले, केंद्र ने बृहस्पतिवार को एक अन्य आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट-टी.आर.एफ. को प्रतिबंधित कर दिया था।
सरकार ने वर्तमान में पाकिस्तान में रह रहे, लश्कर-ए-तैयबा के अरबाज़ अहमद मीर को भी आतंकवादी घोषित किया है। मीर पिछले वर्ष मई में कुलगाम में स्कूल शिक्षिका रजनी बाला की हत्या का मुख्य आरोपी है।
