जनता काम करने वाले को ही चुनेगी, जिसे कुछ मालूम नहीं उसे नहीं चुनेगी
भाजपा जो कहती है, वह करती है
रायपुर। भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है। आम जनता अब समझदार हो चुकी है और उस प्रत्याशी का ही चुनाव करेगी, जो काम करने वाला है। बुधवार को यह बांते भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्रत्याशी का नाम लिए बगैर एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जनता उसे बिल्कुल नहीं चुनेगी, जिसे वह जानती नहीं है। मैं पिछले 20 वर्षों से इस क्षेत्र में सक्रिय हूं और आम जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए हमेशा तत्पर रहती हूं। मेरे अनुभव को देखते हुए ही भाजपा ने अपना पूरा भरोसा मुझपर दिखाया है।
सभी सीटें जीतेगी भाजपा
मीनल चौबे ने कहा कि भाजपा राज्य में सभी सीटें जीतेगी। आम जनता भी निकाय में कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त हो गई है और समझ चुकी है कि भाजपा ही विकास कर सकती है।
जनता को देगी मूलभूत सुविधाएं
उन्होंने कहा कि महापौर बनते ही उनका प्रमुख काम यही होगा कि आम जनता के पास मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, सफाई की सही व्यवस्था हो। मूलभूत सुविधाओं के लिए भी आम जनता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही एक सुंदर रायपुर शहर देगी। समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास पहुंचेगा। इसके साथ ही बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधारी जाएगी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना बहुत ही ज्यादा जरूरी है।
भ्रष्टाचार मुक्त होगा
महापौर बनने के बाद उनका सबसे मुख्य काम यह भी होगा भ्रष्टाचार मुक्त होगा। अधिकारी-कर्मचारी कार्यों की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही भ्रष्टाचार की जांच भी होगी। किसी भी प्रकार से भ्रष्टाचार या काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आदर्श नगर निगम बनाया जाएगा।