आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक्टर और जनसेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण को NTR जिले में एहतियातन हिरासत में लिया है। वे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें विजयवाड़ा शिफ्ट किया जा रहा है। हालांकि, उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
इससे पहले पुलिस ने सुरक्षा कारणों से प्रवेश की अनुमति नहीं देने की बात कही। जिसके बाद साउथ सुपरस्टार और नेता पवन कल्याण भड़क उठे और सड़क पर लेट गए। बारिश में एक घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस ने पवन कल्याण को हिरासत में लिया।
पुलिस ने पवन कल्याण को उस वक्त हिरासत में लिया, जब वो आंध्र प्रदेश-तेलंगाना सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर लेटकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता राज्य की सीमाओं पर जमा हो गए तो एनएच पर तनाव फैल गया। करीब तीन घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह से ठप रहा।