भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान आज से शुरू हो गया है
नई दिल्ली :- भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष के अवसर पर लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए उत्साहित करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान आज से शुरू हो रहा है।
आजादी का अमृत महोत्सव के अंग के रूप में यह अभियान स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ 15 अगस्त तक चलेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य हर भारतीय को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान की घोषणा के बाद से अब तक लोगों को बीस करोड़ से अधिक तिरंगे उपलब्ध कराए गए हैं।

पिछले महीने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हर घर तिरंगा आंदोलन को सुदृढ़ बनाने की अपील की थी।
इस पहल का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना का संचार करना और तिरंगे के बारे में जागरूकता बढाना है। घरों के अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय स्वयं सरकारी निकायों, सरकारी शिक्षण संस्थानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और निजी कंपनियों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे। ध्वज 13 और 14 अगस्त रात को भी फहराया जा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में हर घर तिरंगा अभियान के लिए देशवासियों के उत्साह के उदाहरण साझा किए हैं। मोदी ने ट्वीटर पर कहा कि देश के जल, थल और आकाश में तिरंगा लहराता देख भारत का प्रत्येक व्यक्ति प्रसन्न है।
प्रधानमंत्री ने तिरंगे के प्रति इस भावना के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, तिरंगे के प्रति अतुलनीय सम्मान का यह दृश्य भारतीयों के उत्साह और उल्लास को दर्शाता है।
मोदी ने इस बात पर बल दिया कि तिरंगे की यह यात्रा भारत के भावी नेताओं में देशभक्ति की भावना भरेगी।
