ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की इलाज के दौरान मौत, ASI ने मारी थी गोली

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास की हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। उन्हें ASI ने सीने पर गोली मारी थी जिसके बाद उनका भुवनेश्वर में इलाज किया जा रहा था।

नई दिल्ली: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) ने रविवार को राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नब किशोर दास को कथित तौर पर गोली मार दी। गोली लगने से घायल हुए मंत्री की हॉस्पिटल में ईलाज के दौरान मौत हो गई है।

अपोलो हॉस्पिटल के स्वास्थ्य अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है। वह गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें स्थानीय हॉस्पिटल ले जाया गया था जहां से एयरलिफ्ट करके भुवनेश्वर के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। यहां पर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, जख्मों का उपचार किया गया और हृदय की गति में सुधार के लिए कदम उठाए गए। गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उनका उपचार किया गया। लेकिन, तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया।