देश के 60 हवाई अड्डों पर सामान्य ड्यूटी के लिए अब निजी सुरक्षा एजेंसी के एक हजार नौ सौ से अधिक कार्मिकों की सेवाएं ली जाएंगी
नई दिल्ली :- नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है कि देश के 60 हवाई अड्डों पर सामान्य ड्यूटी के लिए अब केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल – सीआईएसएफ के स्थान पर निजी सुरक्षा एजेंसी के एक हजार नौ सौ से अधिक कार्मिकों की सेवाएं ली जाएंगी। इस निर्णय से सुरक्षा व्यय में कमी आएगी और सीआईएसएफ के सुरक्षा कर्मियों को अन्य हवाई अड्डों पर तैनात किया जा सकेगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे नए घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर कामकाज शुरू करने में भी मदद मिलेगी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने पुनर्वास महानिदेशालय से 581 सुरक्षा कर्मियों को 45 हवाई अड्डों पर सामान्य ड्यूटी के लिए नियुक्त किया है। इन सुरक्षा कर्मियों को विमानन सुरक्षा में प्रशिक्षण के बाद तैनात किया जाएगा।
निदेशालय के 74 प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी इस महीने की नौ तारीख से कोलकाता हवाई अड्डे पर तैनात किए गए हैं। अन्य सुरक्षा कर्मियों की तैनाती प्रक्रिया चल रही है।
