कुख्यात गैंगस्टर अमन साव पुलिस मुठभेड़ में ढेर

रायपुर जेल से लाते समय पलामू के रामगढ़ में हुई मुठभेड़

पलामू, झारखंड| झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई, जब उसे रायपुर जेल से रांची लाया जा रहा था।

पलामू एसपी ने बताया कि पुलिस टीम अमन साव को रायपुर जेल से लेकर आ रही थी, तभी रास्ते में उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर एंबुलेंस भेजी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

तीन महीने से रायपुर जेल में था बंद
अमन साव झारखंड का एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर हत्या, रंगदारी और लूट के कई मामले दर्ज थे। वह पिछले तीन महीने से रायपुर जेल में बंद था। रांची पुलिस उसे बरियातू में कोयला कारोबारी पर हमले और हजारीबाग में एनटीपीसी डीजीएम के मर्डर से जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए रांची ला रही थी।

पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश
रिपोर्ट के मुताबिक, जब पुलिस उसे लेकर पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी एक स्थान पर वाहन धीमा होते ही अमन साव ने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीनने की कोशिश की। उसने मौके का फायदा उठाकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया और बाद में दम तोड़ दिया।

अमन साव के अंत के साथ गिरोह का सफाया?

अमन साव झारखंड के कई जिलों में अपहरण, रंगदारी और हत्या के मामलों में वांछित था। पुलिस के मुताबिक, उसके मारे जाने के बाद उसके गिरोह का सफाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसके अन्य साथी अब कहां सक्रिय हैं।