उत्‍तर भारत शीतलहर की चपेट में, मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति मंगलवार तक जारी रहेगी

समूचे उत्‍तर भारत में शीतलहर चल रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्‍थान, पश्चिमी राजस्‍थान के कुछ क्षेत्रों तथा पश्चिमी मध्‍य प्रदेश और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप अधिक है।

उत्‍तर प्रदेश, पंजाब, जम्‍मू-‍कश्‍मीर, लद्दाख, गि‍लगित-बल्तिस्‍तान और मुजफ्फराबाद, उत्‍तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी मध्‍य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भी  शीतलहर चल रही है।

चूरू में न्‍यूनतम तापमान शून्‍य से दो दशमलव छह डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। सीकर में तापमान शून्‍य से दो दशमलव पांच डिग्री सेल्सियस कम और अमृतसर में शून्‍य से  दशमलव पांच डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया।

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्‍युंजय महापात्रा  ने बताया कि उत्‍तर- पश्चिम भारत में मंगलवार तक भीषण शीतलहर जारी रहने की संभावना है।