भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन का अटैक, ब्रिटेन से लौटे 6 लोग संक्रमित
नई दिल्ली :- भारत में 6 लोगों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला है। ये 6 लोग ब्रिटेन की यात्रा से वापस देश लौटे हैं। जिन लोगों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला है, उन्हें आइसोलेट किया गया है और उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।
देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का आतंक जारी है। अब कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन ने भी भारत में दस्तक दे दी है। यूके से लौटे 6 लोगों में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबित इनमें 3 सैंपल की NIMHANS, बेंगलुरु में पुष्टि हुई है, इसके अलावा 2 CCMB, हैदराबाद में मिले हैं और 1 NIV, पुणे में मिला है।
ब्रिटेन से आए जिन 6 लोगों में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है, उनका इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारनटीन किया गया है। वहीं दिशानिर्देशों के मुताबिक सह-यात्रियों, पारिवारिक लोगों और अन्य लोगों के लिए व्यापक कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी शुरू किया गया है।