डबरा-सेंकरा में ग्रामीणों को रेस्क्यू करने के लिए एनडीआरएफ टीम हुई रवाना
मध्यप्रदेश | चंबल संभाग में पिछले दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते नदी नाले भी अब उफान पर हैं | जिसमे ग्वालियर जिले की डबरा तहसील के ग्राम सेंकरा व डबरा कस्बे में चारों ओर जल भराव होने के फंसे लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित रूप से बाहर निकाला जाएगा। जिसके लिए हैदराबाद से वायुसेना के विशेष विमान से एनडीआरएफ का 60 सदस्यीय दल ग्वालियर के लिए रवाना हो गया है। ग्वालियर विमान तल से यह दल दो टीमों में बंटकर हैलीकॉप्टर द्वारा लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम करेगा। ग्राम सेंकरा के लिए राहत व बचाव कार्य के लिए तीन हैलीकॉप्टर भी हैदराबाद से रवाना हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर जिले में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण उत्पन्न जल भराव की स्थिति पर सतत नजर रख रहे हैं। उन्होंने जल भराव से प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाएं जा रहे हैं। जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट व मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा व अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह एस एन मिश्रा सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शक व समन्वय से जिले में तेजी से राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है। साथ ही हैलीकॉप्टर सहित एनडीआरएफ का दल हैदराबाद से ग्वालियर पहुंच रहा है।
