राष्ट्र कल 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे

नई दिल्ली :- देश कल अपना 75वां स्‍वतंत्रता दिवस मनाएगा। विदेशी हुकूमत से आजाद होने की याद में इस बार स्‍वतंत्रता दिवस को आजादी का अमृत महोत्‍सव के रूप में मनाया जा रहा है। समूचा देश राष्‍ट्र भक्ति की भावना से सराबोर है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 75वें स्‍वतंत्रता दिवस को मनाए जाने के लिए मार्च, 2021 में गुजरात में अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से आजादी का अमृत महोत्‍सव का शुभारंभ किया था। यह उत्‍सव 15 अगस्‍त, 2023 तक मनाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी स्‍वतंत्रता दिवस के जश्‍न का कल नई दिल्‍ली में लालकिले की प्राचीर से शुरूआत करेंगे और राष्‍ट्रध्‍वज फहराने के बाद राष्‍ट्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद तिरंगे को राष्‍ट्रीय सलामी दी जाएगी। इस अवसर पर नौसेना का बैंड राष्‍ट्रगान की धुन बजाएगा।

ओलम्पिक में भाला फेक प्रतियोगिता स्‍वर्ण पदक जीतने वाले सूबेदार नीरज चौपड़ा सहित 32 ओलम्पिक विजेताओं को लालकिले में आयोजित स्‍वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया गया है।

इनके अलावा, भारतीय खेल प्राधिकरण के दो अधिकारियों को भी निमंत्रण दिया गया है। ओलम्पिक खेलों में गए 240 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया हैं।

टोक्‍यो में आयोजित ओलम्पिक खेलों में भारत ने इस बार एक स्‍वर्ण सहित दो रजत और चार कांस्‍य सहित कुल सात पदक जीतकर अब तक का अपना सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।

कोरोना के दौरान उत्‍कृष्‍ट सेवाएं देने वाले लोगों के बैठने के लिए लालकिले की प्राचीर के दक्षिणी हिस्‍से में अलग से एक प्रको‍ष्‍ठ बनाया गया है।