नगर निगम प्रशासन सक्रिय: महापौर के निर्देश पर जोन 5 और 10 में नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित
रायपुर: रायपुर नगर निगम में नवनिर्वाचित पार्षदों के कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जोन स्तर पर परिचयात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। महापौर मीनल चौबे के निर्देशानुसार, जोन 5 और जोन 10 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों के पार्षदों को आमंत्रित कर नगर निगम की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और अधिकारियों से परिचय कराया गया।
जोन 5 में कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र सिंह ने बैठक का नेतृत्व किया, जिसमें वार्ड 39 की पार्षद सुमन अशोक पांडेय, वार्ड 40 के पार्षद आषु चंद्रवंशी, वार्ड 41 की पार्षद सरिता आकाश दुबे, वार्ड 42 के पार्षद अंबर अग्रवाल, वार्ड 66 के पार्षद कृष्णा सोनकर (बब्बी), वार्ड 67 की पार्षद ममता सोनू तिवारी और वार्ड 68 की पार्षद दुर्गा यादराम साहू ने भाग लिया। बैठक में जोन कार्यालय की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और क्षेत्र में चल रही योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, अधिकारियों के मोबाइल नंबर साझा किए गए ताकि पार्षद नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करवा सकें। बैठक में सहायक अभियंता नागेश रामटेके सहित अन्य जोन अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इसी तरह, जोन 10 में जोन कमिश्नर राकेश शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें वार्ड 48 के पार्षद महेश कुमार ध्रुव, वार्ड 49 की पार्षद डॉ. अनामिका सिंह, वार्ड 52 के पार्षद विनय पंकज निर्मलकर, वार्ड 53 के पार्षद मनोज जांगड़े, वार्ड 54 की पार्षद सुषमा तिलक साहू, वार्ड 55 के पार्षद विनय प्रताप सिंह ध्रुव और वार्ड 56 के पार्षद सचिन बी. मेघानी उपस्थित रहे। इस दौरान जोन कमिश्नर ने सभी पार्षदों को नगर निगम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और नगर निगम से जुड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया। कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा और अन्य जोन अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
इन बैठकों के माध्यम से नवनिर्वाचित पार्षदों को नगर निगम की कार्यप्रणाली, उनकी जिम्मेदारियों और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक संसाधनों की जानकारी दी गई, जिससे वे अपने वार्डों में प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।