नई दिल्ली। IPL 2022 में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की। इस मैच में मुंबई के लिए तीन प्लेयर्स ने बहुत ही शानदार खेल दिखाया, जिनकी वजह से मुंबई पहली जीत दर्ज कर सकी। मुंबई इंडियंस को लगातार 8 हार के बाद ये जीत नसीब हुई है। सुपरस्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है।
सूर्यकुमार यादव ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 39 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो लंबे छक्के शामिल थे। उन्होंने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाए। उनकी वजह से ही मुंबई इंडियंस टारगेट के करीब पहुंच पाई। सूर्यकुमार यादव को मुंबई ने मेगा ऑक्शन से पहली ही रिटेन किया था। सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हमारे प्लेयर्स ने शानदार खेल दिखाया। हम इस तरह ही खेलते हैं। आज असली क्षमता सामने आई है, खासकर गेंद के साथ। हमने तय किया था कि अगर आप विकेट लेना जारी रखते हैं, तो उनके लिए रन बनाना मुश्किल होगा। यह वही टीम है, जिसे हमने कुछ बदलावों को छोड़कर पहले दो मैचों में खिलाया है।