कोविड टीकाकरण के लिए अस्सी लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया
नई दिल्ली :- सरकार ने बताया है कि तीसरे चरण के कोविड टीकाकरण के लिए कल पहले दिन 80 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कल शाम चार बजे से सात बजे तक पहले तीन घंटों में 80 लाख से अधिक लोगों ने CO-WIN पोर्टल पर पंजीकरण कराया।
मंत्रालय ने कहा कि CO-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म का सर्वर क्रैश होने संबंधी खबरें गलत और आधारहीन हैं।
मंत्रालय ने कहा कि पहले तीन घंटों के भीतर 38 करोड 30 लाख एप्लिकेशन प्रोग्राम इंटरफ़ेस हिट आए और एक करोड 45 लाख एसएमएस सफलतापूर्वक भेजे गए।
मंत्रालय ने कहा यह आंकड़े इस बात का संकेत हैं पंजीकरण प्रणाली बिना किसी बाधा के काम कर रही है और इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है। यह प्रति सेकंड 55 हजार हिट दर्ज कर रही है और पूरी तरह कार्यरत है।
मंत्रालय ने बताया कि कोविन सॉफ्टवेयर विश्वसनीय प्रौद्योगिकी है जिसके जरिये कोविड टीकाकरण के लिए कभी भी और कहीं से भी पंजीकरण कराया जा सकता है।
18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को अगले महीने की पहली तारीख से टीका लगाया जाएगा। सभी योग्य व्यक्ति cowin.gov.in पोर्टल और आरोग्य सेतु ऐप और उमंग ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं।
