मौसम विभाग ने कहा- देशभर में सितंबर महीने में सामान्य वर्षा की संभावना

नई दिल्ली : मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य भारत के आसपास के क्षेत्रों में कल से वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। पश्चिम बंगाल के गांगीय क्षेत्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा हो सकती है। अगले चार दिनों में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। देश के शेष भागों में कम वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पूरे देश में सितंबर महीने के दौरान सामान्य वर्षा होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों, पूर्वी भारत से सटे हिमालय की तलहटी और पूर्व-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया है।