आसियान देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक आज नई दिल्‍ली में होगी

नई दिल्ली :- भारत आसियान देशों के विदेश मंत्रि‍यों की आज से शुरू होने वाली विशेष बैठक की मेजबानी करेगा। भारत पहली बार बैठक की मेजबानी कर रहा है।

इसके साथ दिल्‍ली डायलॉग के 12वें संस्‍करण का भी आयोजन किया जाएगा। दिल्‍ली डायलॉग का इस बार का विषय हिन्‍द प्रशांत क्षेत्र को परस्‍पर जोड़ना है। मंत्रिस्तरीय सत्र में विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस. जयशंकर और आसियान देशों के विदेशमंत्री भाग लेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आसियान को भारत की एक्ट ईस्ट नीति का केंद्र बताया है। उन्होने कहा कि आसियान-भारत विदेश मंत्रियों की बैठक वार्ता सम्‍बंधों की 30वीं और आसियान के साथ कूटनीतिक साझेदारी की 10वीं वर्षगांठ है।

बागची ने बताया कि वर्ष 2022 को आसियान भारत मित्रता वर्ष घोषित किया गया है।