रायपुर। महापौर एजाज ढेबर ने नलघर पुरानी टंकी के समीप अपने शासकीय आवास में शनिवार से जनता दरबार की शुरुआत की है। महापौर रोजाना सुबह 10 से 11 बजे तक जनसमस्याओं एवं मांगों से अवगत होंगे। जनता दरबार के पहले दिन आज लगभग 80 से अधिक नागरिकों ने महापौर से मुलाकात की। पहले दिन 25 आवेदन प्राप्त हुए,इसमें से अधिकतर आवेदन राशन कार्ड को लेकर लोगों ने दिए।

महापौर ने मांगों एवं समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निदान करने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि रायपुर के सभी 10 जोनों के समस्त 70 वार्डों के नागरिक आकर उनसे सीधे मिल सकते हैं। अपनी मांगों एवं समस्याओं से अवगत करवा सकते हैं। महापौर ढेबर ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि समस्या बताने जनता दरबार में आने वाले नागरिकों के चेहरे पर लौटते समय मुस्कान हो। आज जनता दरबार में नगर पालिक निगम रायपुर के एल्डरमेन अफरोज अंजुम उपस्थित थे।