तोक्यो पैरालंपिक खेलों में ऊंची कूद में मरियप्पन थंगावेलु ने रजत और शरद कुमार ने कांस्य पदक जीता, भारत ने अब तक दस पदक जीते
नई दिल्ली :- तोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में भारत के मरिय्यपन थंगावेलु ने रजत और शरद कुमार ने कांस्य पदक जीत लिया है।
भारत के दोनों ही खिलाडि़यों ने अपना सीजन्स बैस्ट प्रदर्शन करते हुए एक दशमलव आठ-छ: और एक दशमलव आठ-तीन मीटर उंची कूद लगाई। इसी स्पर्धा में वरुण सिंह भाटी एक दशमलव सात-सात मीटर की छलांग के साथ सातवें स्थान पर रहे।
स्वर्ण पदक अमरीका के सैम ने एक दशमलव आठ-आठ मीटर की छलांग लगाकर अपने नाम किया।
इससे पहले, आज पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सिंहराज अदाना ने फाइनल में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक देश के नाम किया।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में रूबिना फ्रांसिस को सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। शॉट पुट स्पर्धा में माधवराव भाग्यश्री जाधव सातवें स्थान पर रहीं। एथलेटिक्स में महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में सिमरन हीट में पांचवें स्थान पर रहीं।
टेबल टेनिस की टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में भाविनाबेन हसमुखभाई पटेल और सोनलबेन मनुभाई पटेल की जोड़ी को चीन की जोड़ी से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। तीरंदाजी में पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में राकेश कुमार चीन के षीन-लियांग से एक रोमांचक मुकाबले में हार गए।
पदक तालिका में भारत दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य सहित कुल दस पदकों के साथ 30वें स्थान पर है। चीन पहले, ब्रिटेन दूसरे और रूस पैरालंपिक कमेटी-आर.पी.सी. तीसरे स्थान पर है।
