महाराष्ट्र और राजस्थान उन 3 राज्यों में शामिल जिन्हें सबसे अधिक कोविड टीके उपलब्ध कराए गए- डॉक्टर हर्षवर्धन

नई दिल्ली :- स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री डॉक्‍टर हर्षवर्धन ने आज देश में कोविड टीकों की कमी के दावों को खारिज कर दिया। उन्‍होंने कहा कि केन्‍द्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और राज्‍यों तथा केन्‍द्र शासित प्रदेशों को कोविड टीकों की सप्‍लाई बढ़ा रही है।

अनेक ट्वीट संदेशों में स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा है कि अब तक देशभर में कोविड महामारी की रोकथाम के लिए नौ करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार के पास इस समय चार करोड़ तीस लाख से अधिक खुराक उपलब्‍ध हैं और इन्‍हें जल्‍द राज्‍यों को भेजा जा रहा है।

डॉक्‍टर हर्षवर्धन ने कहा क‍ि कुछ राज्‍य कोविड टीकों की कमी को लेकर जो बबंडर खड़ा कर रहे हैं वह अपनी कमजोरियों को छिपाने की उनकी कोशिश भर है। उन्‍होंने कहा कि महाराष्‍ट्र और राजस्‍थान उन तीन राज्‍यों में शामिल हैं जिन्‍हें सबसे अधिक कोविड टीके उपलब्‍ध कराए गए हैं। उन्‍होंने कहा कि दोनों ही राज्‍य गैर-भाजपा शासित राज्‍य हैं।

केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने यह भी बताया कि महाराष्‍ट्र को एक करोड़ छह लाख से अधिक कोविड-19 टीके उपलब्‍ध कराए गए हैं जबकि राजस्‍थान को एक करोड़ चार लाख टीके दिए गए हैं।