महाकुंभ 2025: 5 फरवरी को पीएम मोदी का संगम आगमन, श्रद्धालुओं से संवाद और भारतीय संस्कृति का उत्सव
उत्तर प्रदेश : प्रयागराज में चल रहा महाकुंभ अब अपने 9वें दिन में प्रवेश कर चुका है। यह आयोजन एक अद्भुत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम के रूप में उभर रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अब तक 9 करोड़ से अधिक श्रद्धालु इस महायज्ञ में भागीदारी कर चुके हैं। आज सुबह 8 बजे तक करीब 16 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया, और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
महाकुंभ के दौरान कई प्रतिष्ठित हस्तियां संगम नगरी की शोभा बढ़ा रही हैं। 1 फरवरी को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, 5 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, और 10 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आने की पुष्टि हो चुकी है। इसी क्रम में आज जाने-माने उद्योगपति गौतम अडाणी महाकुंभ में शामिल हो रहे हैं। अडाणी संगम में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और बड़े हनुमानजी के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही, वे इस्कॉन पंडाल में आयोजित भंडारे में भी उपस्थित रहेंगे।