“महाकुंभ 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पवेलियन तैयार”
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में राज्य के लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा और अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव बनाए रखने के उद्देश्य से सेक्टर 6 में छत्तीसगढ़ पवेलियन पूरी तरह तैयार किया गया है। यह पवेलियन स्थानीय संस्कृति और परंपरा का प्रदर्शन करेगा और छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालुओं को घर जैसा माहौल प्रदान करेगा। पवेलियन का स्थान बघाड़ा थाना मेला के पास है और यहां तक पहुंचने के लिए लक्ष्मी द्वार से प्रवेश करना होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का खास ध्यान रखा है। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए यहां नि:शुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। सरकार के इस प्रयास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छत्तीसगढ़ से आने वाले लोग अपने धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव का आनंद पूरी सुविधा और शांति के साथ ले सकें। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु इस स्थान पर रुक कर छत्तीसगढ़ की विशिष्ट संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव कर सकते हैं।
पवेलियन तक पहुंचने के लिए यात्रियों को अलग-अलग परिवहन विकल्प उपलब्ध हैं। निकटतम रेलवे स्टेशन प्रयाग है, जबकि सड़क मार्ग से श्रद्धालु इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के रास्ते दारागंज होते हुए पुराना लोहे का यमुना ब्रिज पार कर सकते हैं। हवाई मार्ग से पहुंचने वाले श्रद्धालु भी इन मार्गों का उपयोग कर सकते हैं। इस पवेलियन को राज्य सरकार ने बड़ी ही खूबसूरती और कलात्मकता के साथ सजाया है, जो छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपरा को दर्शाने के साथ-साथ यहां के निवासियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में सहायक होगा।
यह पवेलियन न केवल छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा को विशेष बनाएगा, बल्कि महाकुंभ के आगंतुकों को भी राज्य की समृद्ध विरासत और मेहमाननवाजी की झलक देखने का अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस कदम से छत्तीसगढ़ के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को एक राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे राज्य की पहचान और गौरव में वृद्धि होगी
