नमस्ते योग” नाम से मोबाइल ऐप की शुरूआत
नई दिल्ली :- सातवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सिलसिले में कल एक कार्यक्रम के दौरान “नमस्ते योग” नाम से मोबाइल ऐप की शुरूआत की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय ने मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सहयोग से किया था।
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इस मौके पर कहा कि योग स्वस्थ तथा सुखी जीवन जीने का एक तरीका है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के बीच योग को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।
आयुष मंत्री किरेन रिजिजू ने “नमस्ते योग” ऐप के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इसे लोगों के लिए एक सूचना मंच के रूप में तैयार किया गया है।
आयुष मंत्रालय ने कहा कि “नमस्ते योग” का उद्देश्य योग के बारे में जागरूकता बढ़ाना और इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए सुलभ बनाना है।
सामान्य योग प्रोटोकॉल के विभिन्न पहलुओं पर आधारित 10 एपिसोड की एक श्रृंखला आज से शुरु की जा रही है, जिसे डीडी इंडिया चैनल पर शाम 7 बजे से 21 जून तक प्रसारित किया जाएगा।
