15 से 18 वर्ष के बच्चों का कोविड टीकाकरण अगले महीने की तीन तारीख से

नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 से 18 वर्ष के बच्चों का कोविड टीकाकरण अगले महीने की तीन तारीख से शुरू किये जाने की घोषणा की है।
कल रात राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा कि इससे न केवल कोविड के खिलाफ देश का संघर्ष मजबूत होगा बल्कि स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों की स्वास्थ्य रक्षा में भी मदद मिलेगी।
मोदी ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं ने महामारी से संघर्ष में बड़ी भूमिका निभाई है इसलिए सरकार ने निर्णय लिया है कि दस जनवरी से इन्हें एहतियाती डोज लगाये जाने की शुरूआत होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्य रोगों से ग्रस्त और 60 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए भी उनके चिकित्सक की सलाह पर दस जनवरी से ऐहतियाती डोज का विकल्प रहेगा।
मोदी ने कहा कि देश ने बहुत पहले ही वैक्सीन विकास पर मिशन मोड़ में काम शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत पात्र आबादी को पहली डोज और 61 प्रतिशत से अधिक को दोनों डोज लगाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि विश्व का पहला डी.एन.ए. टीका, नेजल वैक्सीन जल्दी ही भारत में शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि वैश्विक अनुभवों से पता चलता है कि कोविड के खिलाफ संघर्ष में व्यक्तिगत स्तर पर सुरक्षा उपायों का पालन सबसे प्रभावी हथियार है।
महामारी से निपटने की तैयारियों के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय पूरे देश में 18 लाख आइसोलेशन बेड, पांच लाख ऑक्सीजन की व्यवस्था वाले बिस्तर, एक लाख चालीस हजार आईसीयू बेड और बच्चों के लिए 90 हजार विशेष बिस्तरों की व्यवस्था है।
तीन हजार से अधिक ऑक्सीजन संयंत्र और चार लाख सिलेंडर सभी राज्यों को उपलब्ध कराये जा चुके हैं। राज्यों को औषधि का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने में भी मदद की जा रही है।
