पैरालिंपिक खेलों के आयोजन के लिए तैयार है जापान की राजधानी तोक्यो

ओलिंपिक खेलों के सफल आयोजन के बाद जापान की राजधानी तोक्‍यो, पैरालिंपिक खेलों के आयोजन के लिए तैयार है। रंगारंग उद्घाटन समारोह आज तोक्‍यो के ओलिंपिक स्‍टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह की थीम है – ‘हमारे पास पंख हैं’।

जापान के कई भागों में कोविड-19 के बढ़ते मरीजों की संख्‍या देखते हुए दर्शकों को स्‍टेडियम में जाने की अनुमति नहीं है।

कोविड प्रतिबंधों की वजह से पांच एथलीटों सहित केवल छह अधिकारियों को ही उद्घाटन समारोह में भाग लेने की अनुमति दी गई है। भारत का ग्‍यारह सद‍स्‍यीय दल उद्घाटन समारोह में भाग लेगा। ऊंची कूद और रियो ओलिंपिक के स्‍वर्ण पदक विजेता मरियप्‍पन तंगावेलू भारत के ध्‍वजवाहक होंगे।

जापान के राजा नारुहितो पैरालिंपिक खेलों के शुभारंभ की घोषणा करेंगे।
सात पदक जीत कर अब तक के सबसे सफल ओलिंपिक के बाद भारत ने तोक्‍यो पैरा‍लिंपिक में एथलीटों का सबसे बड़ा दल भेजा है।

भारत के 54 खिलाड़ी तीरंदाजी, एथलेटिक्‍स, बैडमिंटन, तैराकी और भारोत्‍तोलन सहित नौ प्रतिस्‍पर्धाओं में भाग लेंगे।

करीब चार हज़ार चार सौ पैरा एथलीट 22 खेलों की 540 स्‍पर्धाओं में भाग लेंगे।