तोक्‍यो पैरालिंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन। पांच स्‍वर्ण और आठ रजत सहित 19 पदक

नई दिल्ली :- तोक्‍यो पैरालंपिक खेलों के आखिरी दिन आज भारत ने बैडमिंटन में एक स्‍वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है।

तोक्यो पैरालिम्पिक में आज अंतिम दिन भारत ने एक स्‍वर्ण और रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। पुरुष सिंगल्‍स में कृष्‍णा नागर ने फाइनल में हांगकांग के मान काई चू को हराकर स्‍वर्ण देश के नाम किया। इससे पहले गौतम बुद्ध नगर के जिला अधिकारी सुहास यथिराज ने रजत पदक जीता।

भारत ने पांच स्‍वर्ण, आठ रजत और छह कांस्‍य सहित कुल 19 पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन किया है। 24 अगस्‍त से शुरू हुए पैरालिम्पिक खेल आज समाप्‍त हो रहे हैं।

समापन समारोह में निशानेबाज अवनि लेखरा भारत की ध्‍वजवाहक होंगी। अवनि पैरालिम्पिक खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। समापन समारोह कोविड प्रोटोकॉल के साथ सादगी से संपन्‍न होंगे। जहां एक ओर पदक जीतने वाले खिलाड़ी उत्‍साहित हैं, तो वहीं दूसरी ओर दूसरे खिलाड़ी एक नया अनुभव लेकर तोक्‍यो से वापस जा रहे हैं।

भारतीय खिलाडि़यों ने तोक्‍यो पैरालंपिक में सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन किया है। आज खिलाड़ी तोक्‍यो पैरालंपिक को अलविदा कहेंगे, इस उम्‍मीद के साथ कि पेरिस पैरालंपिक में एक नया इतिहास रचेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पैरालिंपिक पदक विजेताओं कृष्‍ण नागर और सुहास यतिराज से बात की है। मोदी ने कृष्‍ण नागर को फोन कर उन्‍हें स्‍वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्‍होंने कृष्‍ण के प्रयासों और प्रतिबद्धता की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने रजत पदक विजेता सुहास यतिराज को भी बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि देश को सुहास की उपलब्धियों पर गर्व है। सुहास ने प्रधानमंत्री का धन्‍यवाद करते हुए कहा कि उन्‍हें एशियाई खेलों के बाद प्रधानमंत्री के साथ हुई बातचीत याद है, जब प्रधानमंत्री ने एथलीटों को प्रेरित किया था।

सुहास ने तोक्‍यो रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री के शब्‍दों को भी याद किया। प्रधानमंत्री ने क‍हा था कि उन्हें परिणाम के बजाय अपने खेल पर ध्‍यान केंद्रित करना चाहिए। सुहास ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह सलाह बहुत उपयोगी साबित हुई। उन्‍होंने एथलीटों का लगातार समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्‍यवाद किया।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। श्री ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2016 में 19 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था और आज 19 पदक जीते हैं।