भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक कोविड महामारी के कारण नहीं हो सकी
नई दिल्ली :- भारत ने कहा है कि 2020 में भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक कोविड महामारी के कारण नहीं हो सकी और इस बारे में दोनों सरकारों के बीच आपसी सहमति से निर्णय लिया गया।
बैठक के बारे में मीडिया रिपोर्ट पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि इससे संबंधित कोई भी आरोप गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि खास तौर पर महत्वपूर्ण संबंधों के बारे में गलत बयानी गैर जिम्मेदाराना है।
भारत में रूस के राजदूत निकोलाई कुदाशेव ने कहा कि वार्षिक शिखर बैठक के बारे में प्रकाशित लेख वास्तविकता से काफी दूर है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के बावजूद रूस और भारत के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी में बेहतर प्रगति रही है।
कुदाशेव ने कहा कि रूसी दूतावास शिखर बैठक की नयी तारीख तय करने के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ सम्पर्क में है।

