भारत और फ्रांस ने हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में बढते आपसी सहयोग की समीक्षा की, क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को बढावा देने पर जोर दिया गया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने अफगानिस्तान में हाल के घटनाक्रम सहित विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
दोनों नेताओं ने अफगानिस्तान में आतंकवाद और मादक पदार्थों, अवैध हथियारों तथा मानव तस्करी बढ़ने की आशंका के प्रति चिंता व्यक्त की। उन्होंने वहां मानवाधिकार और महिलाओं तथा अल्पसंख्यकों के अधिकार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मोदी और मैक्रों ने हिंद प्रशांत क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने और स्थिरता तथा सुरक्षा में दोनों देशों की भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका की समीक्षा की। उन्होंने भारत-फ्रांस रणनीतिक भागीदारी की भावना के अनुरूप नियमित विचार-विमर्श करने पर सहमति व्यक्त की।
मोदी ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने अफगानिस्तान की स्थिति पर फ्रांस के राष्ट्रपति से बातचीत की है। उन्होंने बताया कि हिंद प्रशांत क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच सहयोग के बारे में चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, फ्रांस के साथ रणनीतिक भागीदारी को बहुत महत्व देता है।
