दहेज और अवैध संबंधों के चलते विवाहिता पर बढ़ता अत्याचार: मांगी न्याय की गुहार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
गणेश नगर: गणेश नगर की एक विवाहिता ने घरेलू प्रताड़ना और धोखाधड़ी का गंभीर मामला दर्ज कराया है, जिसमें उसने अपने पति और ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। महिला का विवाह जागेश्वर पाटले नामक व्यक्ति से हुआ था, जो शादी के बाद अपनी ड्यूटी पर भैरमगढ़ चला गया। कुछ समय बाद, वह अपनी पत्नी को भी साथ ले गया, लेकिन वहां छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने लगा। इस बीच, महिला ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन उसके ससुराल वालों ने बेटी के जन्म पर कोई खुशी जाहिर नहीं की, न ही किसी प्रकार का उत्सव मनाया। इसके विपरीत, जब उसने एक बेटे को जन्म दिया, तो परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए आयोजन किया।
महिला ने बताया कि पति अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता और मारपीट करता था। बाद में उसे मायके भेज दिया गया, और पति अपनी ड्यूटी पर लौट गया। कुछ समय बाद, पति का तबादला बीजापुर के आवापल्ली में हुआ। महिला, अपनी भतीजी और बच्चों के साथ बीजापुर में पति के पास पहुंच गई, लेकिन वहाँ भी पति का रवैया नहीं बदला। इस दौरान महिला को शक हुआ कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है। पति अक्सर “परीक्षा” देने के बहाने घर से निकलता और बाद में पत्नी को मायके भेजकर अपनी ड्यूटी पर लौट जाता था।
महिला ने अपनी ननद की शादी के दौरान कोनी लौटते समय कुछ और बातें सुनीं, जिससे पति के अफेयर की पुष्टि हुई। उसने यह बात अपने ससुराल वालों से साझा की, लेकिन उन्होंने न केवल इसे अनसुना किया, बल्कि उसे और प्रताड़ित करने लगे। महिला का कहना है कि उसकी सास और ससुर उसे दहेज कम लाने के कारण भी ताने मारते थे।
थक हारकर महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने पति पर दूसरी महिला के साथ संबंध और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। इस मामले ने महिला के साथ घरेलू हिंसा और धोखाधड़ी के प्रति समाज में जागरूकता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
