दिल्ली में NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक, सीएम विष्णुदेव साय ने सांसद मनोज तिवारी का जताया आभार

 रायपुर :  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, जहां वे NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में 200 से अधिक बीजेपी सांसद और पूर्व सांसद, NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएम साय ने दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी से मुलाकात की और उनके आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “आत्मीय स्वागत के लिए दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद श्री मनोज तिवारी जी का सहृदय आभार।”

बैठक में कई बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय, विकास कार्यों में तेजी और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, “दिल्ली में डबल इंजन सरकार बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अभिनंदन। मोदी सरकार के नेतृत्व में इस बार दिल्ली में बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन का बड़े स्तर पर विकास होगा।”

बैठक में राज्यों के बीच समन्वय को मजबूत करने और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर चर्चा की गई। खासकर, बुनियादी ढांचे, सामाजिक कल्याण योजनाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह दिल्ली दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे राज्य और केंद्र सरकार के बीच समन्वय को और मजबूती मिलेगी। NDA शासित राज्यों की यह बैठक आगामी चुनावों के मद्देनजर भी अहम है, जहां पार्टी संगठन की मजबूती और सरकारों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है।