रायपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रायपुर शाखा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से नीट पीजी 2022 परीक्षा को 10 सप्ताह तक स्थगित करने अनुरोध किया गया है।
अध्यक्ष आईएमए रायपुर डॉ. विकास अग्रवाल ने कहा है कि हमारे युवा डॉक्टरों ने पिछले 2 वर्षों में कोविड काल के दौरान कड़ी मेहनत की है। देश को कठिन समय से उबरने में मदद की है। नीट पीजी 2021 परीक्षा में देरी हुई थी, और 11 सितंबर 2021 को आयोजित की गई थी। अपरिहार्य कारणों से इसकी काउंसलिंग में देरी हुई और यह अभी भी प्रक्रिया में है। 3 मई 2022 तक समाप्त होने की संभावना है। राज्यों की काउंसलिंग 3 मई 2022 के बाद शुरू होगी और मई के मध्य से अंत के बीच समाप्त होगी।
एनईईटी 2022 परीक्षा 22 मई को निर्धारित है, जो एनईईटी 2021 की प्रवेश प्रक्रिया के अंतिम दौर के साथ होगी। तारीखों के इस ओवरलैपिंग के कारण देश भर में 5000 से अधिक इंटर्न NEET 2022 में शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि वे कोविड महामारी के राष्ट्रीय कर्तव्य पर थे। इसके परिणामस्वरूप इंटर्नशिप के पूरा होने में देरी हुई थी।
आईएमए रायपुर,सभी सहयोगी संगठनों की तरह नीट 2021 के अंतिम चरण की काउंसलिंग और नीट 2022 परीक्षा के बीच कम से कम 10 सप्ताह का अंतराल सुनिश्चित करने का अनुरोध करता है।
