गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- अनुच्छेद 370 निरस्त होने के बाद आतंकवाद पर निर्णायक नियंत्रण, केंद्र सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि
नई दिल्ली :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद वहां आतंकवाद पर निर्णायक नियंत्रण केंद्र सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश सुनिश्चित करने और लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर ले जाने में सफल रही है।
जम्मू में आज केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 83वें स्थापना दिवस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हर गांव में सरपंच और पंच का होना जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र के फलने-फूलने का प्रमाण है।
गृह मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जल्द ही सात नए मेडिकल कॉलेज और दो एम्स काम करना शुरू कर देंगे। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की सराहना करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि बल ने देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल होने की अपनी पहचान बनाई रखी है।
शाह ने कहा कि केन्द्र सरकार बल को नवीनतम उपकरण और प्रौद्योगिकी से लैस करने के लिए प्रतिबद्ध है।
