गृह मंत्री अमित शाह ने घोषित कर दी राम मंदिर की तारीख, बोले- ‘1 जनवरी 2024 तक बन जाएगा मंदिर’
नई दिल्ली: अयोध्या में बन रहे भगवान श्री राम के भव्य मंदिर को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने यह बता दिया है कि आखिर राम मंदिर के निर्माण के बाद उद्घाटन कब किया जाएगा। अमित शाह ने बताया है कि 1 जनवरी 2024 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को त्रिपुरा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर की तारीख का ऐलान किया है जो कि एक बड़ी घोषणा मानी जा रही है।

कांग्रेस पूछती थी राम मंदिर की तारीख
कांग्रेस समेत अन्य विरोधी दल लगातार बीजेपी से राम मंदिर की तारीख मांगते रहे हैं। चुनावी सभाओं में बीजेपी पर कटाक्ष के रूप में ‘मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे’ नारा खूब सुनाई दिया था। फिलहाल अमित शाह ने राम मंदिर के उद्घाटन की तारीख का भी ऐलान कर दिया है।
