हेमा मालिनी ने भाई दूज पर सोशल मीडिया पर साझा की भाई के प्रति अपने प्रेम की झलक
भाई दूज, के पावन पर्व पर बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने अपने भाई के साथ चेन्नई में यह त्योहार हर्षोल्लास से मनाया। अपने व्यस्त शेड्यूल, फिल्मों, नृत्य प्रस्तुतियों और राजनीति के बीच भी हेमा मालिनी हर साल भाई दूज के इस खास दिन को अपने भाई के साथ मनाने का मौका नहीं छोड़तीं। इस बार भी उन्होंने अपने भाई कन्नन के घर जाकर उनके साथ यह दिन बिताया, और अपने प्रशंसकों के साथ इस खुशी को साझा करने के लिए सोशल मीडिया पर खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट कीं।
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने भाई के प्रति अपने मन के भाव प्रकट किए। तस्वीर में वह अपने भाई कन्नन और भाभी प्रभा के साथ दिखाई दे रही हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने अपने भाई को “चीला” कहकर पुकारा और बताया कि उनके जीवन के हर उतार-चढ़ाव में कन्नन हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा कि कन्नन उनकी नृत्य प्रस्तुतियों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं और उनका स्नेह भरा साथ उनके जीवन की प्रेरणा है।

हेमा मालिनी के भाई के प्रति प्रेम और सम्मान को देखकर उनके प्रशंसकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। हेमा ने पिछले कई मौकों पर बताया है कि उनके सफल अभिनय करियर और लोकसभा सदस्य बनने के सफर में उनके भाई का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। पिछले भाई दूज पर भी उन्होंने अपने भाई को अपना सबसे बड़ा सहारा बताया था और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की थी।
हेमा मालिनी को लेकर दर्शकों की भी यह इच्छा है कि वह उन्हें फिल्मों में अभिनय करते हुए देखें। हालांकि, हेमा जी का अधिकतर समय अब मथुरा में बीतता है, क्योंकि वह मथुरा लोकसभा सीट से सांसद हैं। वह समय-समय पर अपनी कला का प्रदर्शन नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से करती हैं, लेकिन फिर भी बड़े पर्दे पर उन्हें देखने के लिए उनके प्रशंसक उत्सुक रहते हैं। आखिरी बार 2020 में वह फिल्म शिमला मिर्च में नजर आई थीं।
