स्वास्थ्यकर्मियों, कोरोना योद्धाओं और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त वरिष्ठ नागरिकों को आज से एहतियाती कोविड रोधी टीका लगाया जाएगा

नई दिल्ली :- स्वास्थ्य कर्मियों, कोरोना योद्धाओं और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को आज से एहतियाती टीका लगाया जाएगा। सरकार ने इस संबंध में जारी दिशा निर्देशों में कहा है कि एहतियाती टीके के लिए नए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी।

कोविड के दो टीके ले चुके पात्र व्यक्ति किसी भी कोविड टीका केन्द्र पर जा कर सीधे टीका ले सकते हैं या पंजीकरण करा सकते हैं। एहतियाती टीके के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है।

एहतियाती टीका उन्हीं पात्र व्यक्तियों को दिया जाएगा जिन्हें कोविड का दूसरा टीका लिए हुए नौ महीने या 39 सप्ताह की अवधि बीत चुकी है। वरिष्ठ नागरिकों को एहतियाती टीका लेने के लिए किसी डॉक्टर के परामर्श की आवश्यकता होगी। यह टीका सभी आय वर्गों को निशुल्क लगाया जाएगा।

पात्र व्यक्तियों को कोविन ऐप से एसएमएस संदेश भेजा जाएगा। चुनाव ड्यूटी करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कोविड योद्धा के समान समझा जाएगा और उन्हें एहतियाती टीका लगाया जाएगा।

सरकार ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति के लिए एहतियाती टीका वही होगा जो उन्होंने पहले दो टीके लिए हैं।