गुजरात आपदा प्रबंधन संस्थान और प्रोफेसर विनोद शर्मा को पहला सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा

नई दिल्ली :- गुजरात आपदा प्रबंधन संस्‍थान और प्रोफेसर विनोद शर्मा को वर्ष 2022 के लिए सुभाष चन्‍द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्‍कार के लिए चुना गया है। यह पुरस्‍कार संस्‍थान और व्‍यक्तिगत श्रेणी में दिया जाता है।

आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य के लिए इस संस्‍थान और प्रोफेसर शर्मा का चयन किया गया है। नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज यह पुरस्‍कार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर 2019, 2020 और 2021 के लिए भी पुरस्‍कार प्रदान किए जाएंगे।

गुजरात आपदा प्रबंधन संस्‍थान की स्‍थापना 2012 में हुई थी। यह संस्‍थान आपदा जोखिम कम करने की दिशा में कार्य कर रहा है। विनोद शर्मा भारतीय लोक प्रशासन संस्‍थान के वरिष्‍ठ प्रोफेसर और सिक्किम राज्‍य आपदा प्रबंधन प्रधिकरण के उपाध्‍यक्ष हैं। वे राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन केन्‍द्र के संस्‍थापक सह-समन्‍वयक भी हैं। इस केन्‍द्र को अब राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्‍थान के रूप में जाना जाता है।

आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत के व्‍यक्तियों और संगठनों के अमूल्‍य योगदान और निस्‍वार्थ सेवा के सम्‍मान के लिए केन्‍द्र सरकार यह वार्षिक पुरस्‍कार प्रदान करती है। इस पुरस्‍कार की घोषणा नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस की जयंती पर प्रत्‍येक वर्ष 23 जनवरी को की जाती है। इनके तहत संस्‍थान को 51 लाख रुपये नकद तथा प्रमाणपत्र और व्‍यक्ति को पांच लाख रुपये नकद तथा प्रमाणपत्र दिया जाता है।