सरकार ने फिर से नोटबंदी की योजना से इंकार किया

नई दिल्ली: सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था में नकदी बढ़ने की स्थिति के मद्देनजर फिर से नोटबंदी की योजना से इंकार किया। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कल राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि अर्थव्यवस्था में नकदी प्रवाह को कम करना 2016 के बडे मूल्य के नोटों के विमुद्रीकरण के लक्ष्यों में से एक था। पंकज चौधरी ने कहा कि बडे विमुद्रीकरण का उद्देश्य नकली नोटों की बढ़ती घटनाओं को रोकना और बेहिसाब संपत्ति के भंडारण के लिए उच्च मूल्यवर्ग के बैंक नोटों के उपयोग को सीमित करना था।
उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी और आतंकवाद जैसी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए नकली मुद्रा के उपयोग के बढ़ते स्तर को रोकना भी था।
