राज्यपाल रमेन डेका ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कोरबा : छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बादाम के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की प्रेरणा दी। राज्यपाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि यह पृथ्वी को स्वच्छ और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल प्रकृति की सेवा का एक प्रयास है, बल्कि मातृशक्ति को सम्मान देने की दिशा में भी एक संवेदनशील पहल है।
राज्यपाल ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाकर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने में सहायक होते हैं। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई और लोगों को पौधों की देखभाल के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। राज्यपाल ने सभी से अपील की कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और इसे एक जन आंदोलन का रूप दें ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।