सरकार कल कचरे से खिलौने बनाने की अनूठी प्रतियोगिता स्वच्छ टॉयकाथन की शुरूआत करेगी
नई दिल्ली :- आवास और शहरी मामलों का मंत्रालय कल कचरे से खिलौने बनाने की अनूठी प्रतियोगिता स्वच्छ टॉयकाथन की शुरूआत करेगा। यह प्रतियोगिता व्यक्तियों और समूहों के लिए खुली होगी। इसमें नवाचार का प्रयोग करते हुए सूखे कचरे से खिलौने तैयार करने होंगे।
इसमें उन खिलौनों के डिजाइन पर ध्यान दिया जाएगा जिनके आधार पर बड़ी संख्या में खिलौने तैयार किए जा सकते हैं। इन खिलौनों को न्यूनतम सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। इस प्रतियोगिता की मेज़बानी इंडिया पोर्टल पर होगी।
सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग आई आई टी-गांधीनगर इस प्रतियोगिता का नॉलेज पार्टनर होगा। देश में आर्थिक विकास, आय वृद्धि और अनेक नवाचारों के कारण खिलौनों की मांग बढ रही है।
भारत को वैश्विक खिलौना केंद्र के रूप में स्थापित करने और परंपरागत हस्तनिर्मित खिलौनों को बढावा देने के लिए राष्ट्रीय खिलौना कार्य योजना-2020 शुरू की गई है। उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग तथा 14 मंत्रालय इस योजना के विभिन्न पक्षों को लागू कर रहे हैं।
