सरकार ने छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर बढ़ाई
नई दिल्ली: सरकार ने एक जनवरी 2023 से आरंभ हो रही चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के लिए विभिन्न लघु बचत योजनाओं की ब्याज दर में वृद्धि की है। पांच वर्ष की राष्ट्रीय बचत योजना में ब्याज दर 6.8 प्रतिशत से बढ़ा कर 7 प्रतिशत कर दी गई है।

वित्त मंत्रालय ने बताया है कि वरिष्ठ नागरिक बचत योजना की ब्याज दर 7.6 प्रतिशत से बढ़कर 8 प्रतिशत हो गई है। मासिक आय बचत खाता में ब्याज दर 6.7 प्रतिशत से बढ़कर 7.1 प्रतिशत हो गई है।
किसान विकास पत्र में ब्याज दर 7.2 प्रतिशत होगी और यह 120 महीनों में मैच्योर होगा। एक वर्ष की अवधि वाली लघु बचत जमा पर ब्याज दर 5.5 प्रतिशत से बढ़कर 6.6 प्रतिशत होगी। सार्वजनिक भविष्य निधि-पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजना और बचत जमा पर ब्याज दर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।
