सरकार ने अगले वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स में चार स्वदेशी खेलों को शामिल किया

नई दिल्ली :- खेल मंत्रालय ने अगले वर्ष खेलो इंडिया में चार स्‍वदेशी खेलों को भी शामिल करने की मंजूरी दी है। हरियाणा में होने वाले इन खेलों में गटका, कलरी-पयट्टू, तांग-टा और मलखम्‍ब की स्‍पर्धाएं भी होंगी।

खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि देश में स्‍वदेशी खेलों की समृद्ध विरासत है और खेल मंत्रालय इन खेलों के संरक्षण, प्रोत्‍साहन और लोकप्रियता को प्राथमिकता दे रहा है। उन्‍होंने कहा कि इन खेलों के खिलाडि़यों के लिए खेलो इंडिया से बेहतर कोई मंच नहीं है। उन्‍होंने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिता अत्‍यधिक लोकप्रिय है और देशभर में इन खेलों का प्रसारण किया जाता है।

रिजिजू ने कहा कि योगासन के साथ इन चार स्‍पर्धाओं से खेलो इंडिया और अधिक खिलाडि़यों के आकर्षण का केन्‍द्र बनेंगे।

कलरी-पयट्टू केरल का खेल है जो दुनियाभर में खेला जाता है। मलखम्‍ब भी देशभर में लोकप्रिय है लेकिन मध्‍य प्रदेश और महाराष्‍ट्र में यह ज्‍यादा प्रसिद्ध है। गटका मूल रूप से पंजाब का खेल है जो निहंग सिख योद्धाओं की पारंपरिक युद्ध शैली है और खेल के साथ-साथ आत्‍मरक्षा के रूप में उपयोग किया जाता है।

तांग-टा मणिपुर का मार्शल आर्ट है जिसे हाल के दशकों में भुला दिया गया लेकिन खेलो इंडिया से इस स्‍पर्धा को राष्‍ट्रीय पहचान मिलेगी।