छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज शाम से 19 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन
रायपुर :- छत्तीसगढ़ में लगातार कोविड मामलों की संख्या बढ़ रही है। राज्य में कल दस हजार से अधिक कोविड के नये रोगियों का पता लगा। उसके साथ ही छत्तीसगढ़ में संक्रमित लोगों की संख्या चार लाख से अधिक हो गई है।
कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए रायपुर जिले में आज शाम से पूर्णबंदी लागू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में आज शाम छह बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। यह लॉकडाउन उन्नीस अप्रैल सुबह छह बजे तक रहेगा। इस दौरान पेट्रोल पंप, दवा दुकानें और रसोई गैस एजेंसियों को छोड़कर अन्य किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठान को खोलने की अनुमति नहीं रहेगी।
लॉकडाउन के दौरान शासकीय और निजी कार्यालयों के साथ ही बैंक भी बंद रहेंगे। जिले की सीमाओं को दस दिनों के लिए सील कर दिया जाएगा। लोगों को जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकें। साथ ही व्यापारी कालाबाजारी न कर सकें, इसके लिए जिला प्रशासन ने नौ टीमों का गठन किया है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और बेमेतरा जिले में भी कल से संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस बीच, छत्तीसगढ़ में टीकाकरण अभियान भी जोरशोर से जारी है। अब तक प्रदेश में पैंतीस लाख से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।
