जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज तोक्‍यो में राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार किया जा रहा है

नई दिल्ली :- जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज तोक्‍यो में राजकीय सम्‍मान के साथ अंतिम संस्‍कार किया जा रहा है। उनकी पत्नी आके आबे अस्थियों को लेकर तोक्‍यो के बुडोकन हॉल में पहुंची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्‍व के अनेक नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सवेरे ही तोक्यो पहुंचे। इसके बाद उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। उन्‍होंने पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया।

प्रधानमंत्री ने भारत जापान साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक स्‍वतंत्र, खुले और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दृष्टिकोण में दिवंगत शिंजो आबे के योगदान को याद किया।

दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ बनाने के लिए बातचीत हुई। उन्‍होंने कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत की। दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-जापान रणनीतिक, व‍ैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने तथा विभिन्‍न अंतर्राष्‍ट्रीय संस्‍थानों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।