वन विभाग: खेल कोटे से होगी वन रक्षकों की भर्ती

रायपुर :   विष्णु देव साय की सक्रिय पहल के तहत छत्तीसगढ़ राज्य में खेल कोटे से वन रक्षकों की भर्ती प्रक्रिया आरंभ की गई है, जिसमें 41 पदों को भरा जाएगा। यह प्रक्रिया 23 सितंबर 2024 तक चलेगी। इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करना है, जिसमें वे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी योगदान दे सकें। भर्ती प्रक्रिया में हॉकी, क्रिकेट, बैडमिंटन, शूटिंग, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, तैराकी, फुटबॉल, भारोत्तोलन, कबड्डी और एथलेटिक्स जैसे विभिन्न खेलों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।

वन विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पदों का खेलवार वितरण इस प्रकार है: हॉकी के लिए 3 पद, क्रिकेट और बैडमिंटन के लिए 2-2 पद, शूटिंग के लिए 1 पद, वॉलीबॉल के लिए 7 पद, बास्केटबॉल के लिए 4 पद, तैराकी के लिए 1 पद, फुटबॉल के लिए 3 पद, भारोत्तोलन के लिए 5 पद, कबड्डी के लिए 6 पद और एथलेटिक्स के लिए 7 पद स्वीकृत किए गए हैं। योग्य और पात्र उम्मीदवारों की सूची वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में, यह भर्ती चयन प्रक्रिया रायपुर के प्रमुख खेल स्थलों और मैदानों में आयोजित की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को सर्वोत्तम खेल सुविधाएं मिल सकें। भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, नोडल अधिकारियों और संबंधित खेल संघों के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। खिलाड़ियों के चयन के लिए उनके शारीरिक दक्षता, स्टैमिना, खेल कौशल और प्रदर्शन का गहन परीक्षण किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि केवल सबसे योग्य और शारीरिक रूप से सक्षम उम्मीदवारों का चयन हो, ताकि वे वन विभाग में अपने कर्तव्यों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।

यह भर्ती प्रक्रिया खेलों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है। यह पहल राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ वन और पर्यावरण से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को भी निभाने का माध्यम बनेगी। इससे न केवल खेलों के विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राज्य के खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में एक स्थायी करियर बनाने का मौका भी मिलेगा, जिससे वे समाज के लिए एक बड़ी भूमिका निभा सकें।

यह भी पढ़े : “छात्र-पुलिस संघर्ष के बाद तनावपूर्ण स्थिति : कांग्रेस सांसद ने गृहमंत्री को भेजा पत्र”