आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, 3 घायल
कोरबा। छत्तीसगढ़ में आसमानी कहर का सिलसिला जारी है| हप्ते भर में 9 लोगों की मौत हो चुकी है| वहीं आज एक और दुखद घटना कोरबा जिले में घटी है| आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए हैं| घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है| यह घटना रजगामार चौकी अंतर्गत चाकामार गांव की है|
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक किसान की पहचान 35 वर्षीय अंजोर सिंह के रूप में हुई है| वह अपने मूंगफली के खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक आकाशी बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई| इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया| घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है| बता दें कि जिले में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली कड़क रही है|