प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी को 25 के बजाए 26 जुलाई को बुलाने के लिए नया नोटिस भेजा

नई दिल्ली :- प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस महीने की 25 तारीख के बजाए अगले दिन 26 तारीख को बुलाने के लिए नया नोटिस भेजा है। इससे पहले उन्हें 25 जुलाई को पेश होने का समन भेजा गया था।

बृहस्पतिवार को ई.डी. ने नेशनल हेराल्ड अख़बार से संबंधित कथित धनशोधन मामले में करीब दो घंटे तक पूछताछ की थी। यह मामला यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है। यह कंपनी नेशनल हेराल्ड की मालिक है, जिसे कांग्रेस पार्टी ने प्रोमोट किया था।

इससे पहले, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से ई.डी. ने पांच दिन तक पूछताछ की थी। इस मामले में राहुल और सोनिया गांधी के खिलाफ धनशोधन अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत जांच की जा रही है।

प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली की एक अदालत द्वारा यंग इंडियन के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिये जाने के बाद मामला दर्ज किया था। इस बारे में 2013 में सुब्रह्मण्यम स्वामी ने निजी आपराधिक शिकायत दर्ज की थी। आयकर विभाग 2016 से नेशनल हेराल्ड मामले की जांच कर रहा है। उसने कांग्रेस द्वारा प्रोमोटेड यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कंपनी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।