प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति मामले में इंडो स्पिरिट के मालिक समीर महेन्द्रू को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली :- प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति मामले में इंडो स्पिरिट के मालिक समीर महेन्द्रू को गिरफ्तार किया है। यह मामला केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो- सी बी आई द्वारा दायर प्राथमिकी पर आधारित है।
कल सीबीआई ने आबकारी नीति घोटाले में ही दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सहयोगी और आम आदमी पार्टी के संपर्क प्रमुख विजय नायर को गिरफ्तार किया।
नई दिल्ली में सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ के बाद नायर को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सिसोदिया और विजय नायर सहित 15 व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। नायर को आबकारी लाइसेंस आबंटन की साजिश रचने में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है।
सीबीआई का आरोप है कि एक शराब कंपनी के मालिक से विजय नायर के जरिए रिश्वत ली गई। सीबीआई ने बताया कि नायर मुम्बई स्थित ईवेंट मैनेजमेंट कंपनी ओनली मच लाउडर का पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी है।
सी बी आई द्वारा दर्ज प्राथमिकी में जिन 15 लोगों के नाम हैं उनमें दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हैं। ये प्राथमिकी नई शराब नीति में नियमों के कथित उल्लंघन और प्रक्रिया संबंधी अनदेखी के खिलाफ दर्ज की गई है।
